भाषा विवि में प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान” का सजीव प्रसारण, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
भाषा विवि में प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान” का सजीव प्रसारण, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
लखनऊ, 02 अगस्त । ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रव्यापी “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान” के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विश्वविद्यालय के अटल सभागार में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेते हुए नशामुक्ति शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजय तनेजा एवं कुलसचिव विकास कुमार की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विश्वविद्यालय परिसर में निवासरत सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी अटल सभागार में उपस्थित रहे, जबकि अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।सजीव प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त, स्वस्थ, जागरूक एवं उत्तरदायी युवा शक्ति का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त भारत के अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के आह्वान पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने, दूसरों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।