अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : गणेश केसरवानी
प्रयागराज, 16 अगस्त । भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्शों, सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बातें रविवार को महापौर गणेश केसरवानी ने यमुना बैंक रोड स्थित प्रेरणा स्थल पर अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कहीं।
महापौर ने कहा कि अटल जी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन माना। उनके लिए राष्ट्रहित हमेशा सर्वोपरि रहा। उन्होंने देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोकतंत्र के प्रति उनकी गहरी आस्था और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की भावना उनके विचारों में स्पष्ट दिखाई देती थी।
नगर निगम प्रयागराज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और पार्षदों के साथ प्रेरणा स्थल पर स्थापित अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व राजनीतिक सीमाओं से कहीं ऊपर था। उनकी वाणी में ओज, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में विनम्रता थी। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और सरल व्यक्तित्व से भारतीय राजनीति में ऐसी अमिट छाप छोड़ी, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।
महापौर ने कहा कि अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए मार्ग पर चलना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके जीवन से राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की प्रेरणा मिलती है। आज उनकी पुण्यतिथि पर हमें देशहित को सर्वोपरि रखते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान वातावरण अटल जी के राष्ट्रवादी विचारों और उनके योगदान के स्मरण से भावपूर्ण हो उठा।
कार्यक्रम में रणजीत सिंह, गिरि शंकर प्रभाकर, राजेश केसरवानी, राजू पाठक, सुनीता चोपड़ा, राम लोचन साहू, विवेक अग्रवाल, प्रमोद मोदी, श्याम चंद्र हेला, आभा सिंह, मुकेश लारा, दिनेश विश्वकर्मा, रुद्र सेन जायसवाल, राजन शुक्ला, अंगद पटेल, सुभाष चंद्र वैश्य, सनी सोनकर, शलभ जायसवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
अंत में सभी ने भारत माता के महान सपूत और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।