अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले संतों का बड़ा विरोध, बोले- पहले माफी मांगें, फिर करें रामलला के दर्शन

मणिराम दास छावनी में करीब 400 संतों की बैठक; कारसेवकों पर गोलीबारी के मुद्दे पर माफी की मांग, न मांगने पर विरोध जारी रखने की चेतावनी

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले संतों का बड़ा विरोध, बोले- पहले माफी मांगें, फिर करें रामलला के दर्शन

अयोध्या, 11 नवंबर । समाजवादी पार्टी ( सपा ) प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले बुधवार को संतों ने श्री मणिराम दास छावनी में बैठक कर विरोध जताया। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे पर आ रहे हैं और राम मंदिर का दर्शन करने वाले हैं। बैठक में करीब 400 संत मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अध्यक्ष के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास शास्त्री ने किया।

संतों ने बैठक में अखिलेश यादव के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें अयोध्या की पांच कोसी शास्त्रीय सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

महंत कमलनयन दास ने कहा जिस तरह हनुमान जी ने कालनेमि और भगवान राम ने मारीच की पहचान की थी, उसी तरह संत समाज को भी दिखावे और वास्तविक भक्ति के बीच अंतर समझना होगा। जो व्यक्ति अयोध्या, रामलला की महिमा और संतों की मर्यादा के प्रति सम्मान नहीं रखता, उसका अयोध्या के संतों को खुलकर विरोध करना चाहिए।

श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के धार्मिक समिति के सदस्य एवं श्री राम बल्लभा कुंज के अधिकारी संत स्वामी राजकुमार दास ने बैठक में कहा कि संत दर्शन के विरोधी नहीं हैं। क्योंकि भगवान राम सबके हैं और अयोध्या भी सभी की है। मुलायम सिंह यादव ने रामभक्तों पर गोली चलवाई थी, अखिलेश यादव को इस घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान वह रो पड़े। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी आइए, आप क्षमा मांगिए। मैं अयोध्या की सीमा पर आपका सबसे पहले स्वागत करूंगा। अगर आप क्षमा नहीं मांगोगे तो हम इस जमीन पर पैर नहीं रखने देंगे। उन्होंने कहा कि कि अगर अखिलेश यादव खुद को सच्चा क्षत्रिय और यदुवंशी मानते हैं तो उन्हें मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कथित अतिक्रमण के मुद्दे पर आगे आना चाहिए। यदि वह मथुरा में पांच फावड़े चलाने के लिए आगे आते हैं तो अयोध्या के 500 साधु-संत और ब्राह्मण भी वहां पहुंचकर फावड़े चलाने को तैयार हैं। अयोध्या सूर्यवंश की धरती है और यहां के लोग भगवान राम के उपासक हैं। भगवान राम के प्रति आस्था रखने वाले लोग धर्म के लिए पीछे नहीं हटेंगे।

सियाराम किला झुनकीघाट के महंत करुणा निधान शरण ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या आ रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले रामभक्तों पर हुई गोलीबारी के लिए माफी मांगनी चाहिए। पूर्व में अखिलेश यादव की पार्टी की सरकार और उनके पिता मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कारसेवकों पर गोली चलाई गई थी। इस घटना में जान गंवाने वाले कारसेवकों की आत्मा की शांति के लिए अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव माफी मांगकर अयोध्या में रामलला के दर्शन करते हैं तो भगवान राम भी उन पर प्रसन्न होंगे। माफी मांगने पर संत भी उन्हें क्षमा कर देंगे।

जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य महाराज ने कहा कि संत राजकुमार दास जी महाराज और मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी संतों का जो भी निर्णय होगा, संत समाज उसका पूरी तरह पालन करेगा। सनातन धर्मावलंबियों की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचने दी जाएगी। इसके लिए संत समाज हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है। नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास ने कहा कि अखिलेश यादव की यह धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि राजनीतिक दौरा है। संत उनकी यात्रा का विरोध करेंगे। विरोध तभी खत्म होगा, जब अखिलेश अपने बयान पर माफी मांगेंगे। माफी नहीं मांगने पर संत उनसे अयोध्या से लौट जाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या की पंचकोसी शास्त्रीय सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। संत रामलला के दर्शन से पहले उन्हें अयोध्या में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास करेंगे। उनके आगमन और दर्शन की व्यवस्था कराने वाली एजेंसी की अपनी जिम्मेदारी होगी, लेकिन संतों का विरोध जारी रहेगा।

बैठक में रामायणी राम शरण दास महाराज ने कहा कि अखिलेश दर्शन करने नहीं, नाटक करने आ रहे हैं । बैठक में संतों ने कारसेवकों पर गोली चलवाने और संतों पर लाठीचार्ज कराने का लगाया आरोप। संत समाज की मांग है कि- पहले माफी मांगें, प्रायश्चित करें, फिर रामलला के दर्शन करें। संत रामायणी महाराज बोले कि सरयू का नीला पानी लाल कर दिया गया था। हजारों रामभक्तों की लाशें मणिराम दास छावनी में बिछी थीं। संतों ने अखिलेश के राम मंदिर दर्शन को राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताया। रामायणी महाराज ने कहा- असली हिंदू और रामवंशज उन्हें एक वोट नहीं देगा। संत रामायणी महाराज ने योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने का दावा किया।

बैठक में प्रमुख रूप से जगद्गुरु अर्जुन द्वाराचार्य कृपालु रामभूषण देवाचार्य, उत्तर तोतादरी मठ महंत अनंताचार्य, श्रीमहंत बृजमोहन दास, वामन मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण, हनुमान किला के महंत परशुराम दास, जानकीघाट बड़ा स्थान महंत जनमेजय शरण, महंत सत्येंद्र दास वेदांती, महंत मनीष दास, महंत छविराम दास, सियाराम किला झुनकीघाट मंदिर के महंत करुणा निधान शरण उपस्थित रहें।