दो चचेरे भाइयों की एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक मौत

दो चचेरे भाइयों की एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक मौत

दो चचेरे भाइयों की एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक मौत

कानपुर, 28 जुलाई । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में गुजरात से घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से बाराबंकी जा रहे थे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को मौके पर ही गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र के कुलपुरवा गांव निवासी नागेश (23) और (21) अंशु हाइड्रा मशीन की मरम्मत का काम करते थे। दोनों पांच दिन पहले काम के सिलसिले में गुजरात गए थे और सोमवार को बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बिल्हौर क्षेत्र में मखनपुर के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-214 पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की एंबुलेंस उन्हें सीएचसी बिल्हौर ले गई, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।