गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबकर मौत
गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबकर मौत
जौनपुर, 09 मई । यूपी के जौनपुर में चंदवक थाना क्षेत्र में शनिवार को गोमती नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। घटना चंदवक के पुराने पुल के पास की बताई जा रही है, जहां दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ स्नान करने गए थे।
मृतकों की पहचान हीरापुर मचहटी ग्राम सभा निवासी प्रवेश यादव (18) पुत्र लौजारी यादव तथा शिवम चौरसिया (20) पुत्र महेश चौरसिया के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे दोनों युवक अपने दोस्तों विशाल गोड़, सूरज यादव, मोनू वर्मा और अजय गोड़ के साथ गोमती नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रवेश और शिवम अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।दोनों को डूबता देख साथ मौजूद युवक घबरा गए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास मौजूद लक्ष्मण निषाद, रोहित निषाद, मुनीब निषाद, लालचंद निषाद और आजाद निषाद मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी डोभी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्रवेश यादव दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और उनके पिता मुंबई में रहकर काम करते हैं। वहीं शिवम चौरसिया तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे तथा उनका परिवार वाराणसी में रहता है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। इस मामले में जानकारी लेने पर थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि नदी में नहाने के दौरान डूबने से दोनों युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।