पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की हत्या कर वोटों की लूट के जरिए भाजपा ने सरकार बनाई : मौलाना जावेद आब्दी
पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की हत्या कर वोटों की लूट के जरिए भाजपा ने सरकार बनाई : मौलाना जावेद आब्दी
जौनपुर, 09 मई। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री मौलाना जावेद आब्दी का शनिवार को जौनपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। नगर के बारादुअरिया स्थित जिला सचिव मीर अफरोज हुसैनी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम देकर उनका अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौलाना जावेद आब्दी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की हत्या कर वोटों की लूट के जरिए भाजपा ने सरकार बनाई, जिसे देश की जनता ने देखा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी भाजपा के मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने भाजपा नेताओं के बयानों की निंदा करते हुए कहा कि नफरत फैलाने वाली राजनीति देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि यह देश महात्मा गांधी की विचारधारा से चलता है, न कि नफरत की राजनीति से। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा और महिलाओं पर अत्याचार को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई।
मौलाना जावेद आब्दी ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए की रणनीति के तहत 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है और दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था खराब होने, बेरोजगारी बढ़ने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि प्रदेश की जनता अब अखिलेश यादव की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।इस दौरान जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य, मीर अफरोज हुसैनी, आरिफ हबीब, अली मंज़र डेज़ी सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।