क्रांतिकारियों की गौरव गाथा है ‘हर घर तिरंगा’ अभियान : राजेश केसरवानी
काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों को दी गयी श्रद्धांजलि
प्रयागराज, 08 अगस्त । महान क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्रता की सांस ले रहे हैं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उक्त बात शनिवार को अमर क्रांतिकारी श्रद्धांजलि ग्रुप की ओर से अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर आयाेजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि ग्रुप के अध्यक्ष राजेश केसरवानी ने कहा। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अमर क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। राजेश केसरवानी ने कहा कि प्रत्येक भारतवासी का कर्तव्य है कि वह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर अपने घर पर स्वेच्छा से तिरंगा लगाए और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करे।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद विजय वैश्य, व्यापारी नेता दिनेश सिंह, संतोष अग्रहरि, विवेक अग्रवाल, सुनील केसरवानी और अशोक गुप्ता ने काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया। कार्यक्रम के संयोजक शत्रुघ्न जायसवाल रहे, जबकि संचालन अजय अग्रहरि ने किया। इस दौरान किशन चंद्र जायसवाल, आशीष गुप्ता अज्जू, कमलेश केसरवानी, सुमित केसरवानी, लल्लू अग्रहरि सहित श्रद्धांजलि ग्रुप के कार्यकर्ताओं ने अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।