प्रयागराज में 40 लाख के बिजली तार चोरी का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज में 40 लाख के बिजली तार चोरी का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 30 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्थित मुठ्ठीगंज पुलिस और नगर सर्विलांस टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 केवी विद्युत तार चोरी मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया । पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब 13 टन वजन के दो ड्रम विद्युत तार बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 35 से 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में मो.आसिफ मलिक और सावी खान है। दोनों को गुरुवार को परेड ग्राउंड, दारागंज क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार बिजली विभाग में ठेकेदारी कार्य करने वाले अभिषेक सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बैरहना पावर हाउस से गऊघाट पावर हाउस तक 33 केवी केबिल बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पुराने यमुना पुल के पास रखा 506 मीटर लंबाई का केबिल ड्रम चोरी हो गया था। शिकायत पर थाना मुठ्ठीगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे एक निजी फर्म में कार्य करते थे और ठेकेदार के कहने पर पुराने यमुना पुल के पास से केबिल ड्रम चोरी किया था। दूसरा ड्रम कीडगंज थाना क्षेत्र के बोट क्लब के पास से चोरी किया गया था। चोरी के माल को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
बरामदगी में एक लाल रंग और एक पीले रंग का विद्युत तार ड्रम शामिल है। दोनों का कुल वजन करीब 13 टन बताया गया है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मुठ्ठीगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने तत्परता से कार्रवाई कर बड़ी चोरी का खुलासा किया है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरूण कुमार सिंह समेत मुठ्ठीगंज पुलिस और नगर सर्विलांस टीम शामिल रही।