राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने बी. सी. खंडूरी के निधन पर शोक जताया

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने बी. सी. खंडूरी के निधन पर शोक जताया

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने बी. सी. खंडूरी के निधन पर शोक जताया

नई दिल्ली, 19 मई । उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी के निधन पर मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए सैन्य सेवा और राजनीतिक जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने शोक संदेश में कहा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) बी.सी. खंडूरी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवा देने के बाद उन्होंने जन सेवा के क्षेत्र में ईमानदारी, सादगी, पारदर्शिता और विकास की राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत किया। राष्ट्रपति ने कहा कि देश तथा उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने संदेश में कहा कि बी.सी. खंडूरी के निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और दुर्लभ ईमानदारी वाले राजनेता को खो दिया है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि हाल ही में देहरादून यात्रा के दौरान उनकी खंडूरी से मुलाकात हुई थी, जहां दोनों ने लोकसभा में सहयोगी के रूप में पुराने संबंधों को याद किया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों से लेकर राजनीतिक जगत तक खंडूरी का योगदान बहुमूल्य रहा, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए खंडूरी हमेशा समर्पित रहे, जो मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उनका कार्यकाल प्रेरणादायक रहा और देशभर में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने निरंतर अथक प्रयास किए। उन्होंने कहा कि ‘गोल्डन क्वाड्रिलेटरल’ और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास कार्यक्रम के जरिए भारत के सड़क बुनियादी ढांचे को बदलने में खंडूरी का दूरदर्शी योगदान देश के विकास इतिहास में मील का पत्थर बना रहेगा।