निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री पहुंचे एटा,शहीद भगत सिंह प्रतिमा पर किये पुष्प अर्पित
मेरा निलंबन लखनऊ तंत्र का प्रायोजित काम : अलंकार
एटा, 29 जनवरी । हाल ही में नई यूजीसी गाइडलाइंस को सामान्य जाति विरोधी बताकर और माघ मेले प्रयागराज में पहुंचे शंकराचार्य अवि मुक्तेश्वरानंद के समर्थन में बयानबाजी कर चर्चा में आए निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में पहुंच कर प्रेस वार्ता की और अपने मुद्दों को पुन: पुरजोर तरीके से दोहराया।
गुरुवार को दाेपहर 12 बजे निलम्बित सिटी मजिस्ट्रेट बरेली, अलंकार अग्निहोत्री अपने तीन-चार साथियों सहित लखनऊ से इनोवा से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित शहीद पार्क पहुंचे और शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण किया। इस दौरान उन्हाेंने प्रेस वार्ता भी की। प्रेस क्लब में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का उत्तर देते हुए अलंकार अग्निहोत्री द्वारा कहा गया कि यूजीसी द्वारा जो कानून पारित किया गया है, वह असंवैधानिक है और सवर्ण समाज के लिए एक काला कानून है। इसका हम पुरजोर विरोध करेंगे। हम सवर्ण समाज से अनुरोध करते हैं कि सभी आगे आकर इसका विरोध करें तथा माघ मेला में ब्राह्मण समाज के संत की चोटी खींचकर जो मारपीट की गई, वह अपमानजनक कृत्य है। संसद में बैठे हुए हमारे सामान्य वर्ग के सांसदों द्वारा भी यूजीसी कानून का विरोध नहीं किया गया।, सभी वर्गो के लोग मेरे पीछे खड़े हो जायें, हम सभी को न्याय दिलायेंगे। केंद्र और विधायिका में बैठे जन प्रतिनिधियों को एक्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं है। न वे कुछ पढ़ते हैं । केवल मेज थपथपा कर वापस चले आते हैं। मेरे इस्तीफा देने के बाद ही यूजीसी रेगुलेशंस के विरोध में लोग मुखर हुए हैं । भाजपा नेता कलराज मिश्रा ने भी इसे संवैधानिक बताया है। केन्द्र में बैठे प्रतिनिधि अपने पदों को छोड़ें या न्याय करें। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात करने के मामले में उन्हाेंने कहा कि उनके द्वारा मुझे आमंत्रित किया गया है लेकिन वे कल प्रयागराज से काशी वापस लौट चुके हैं और अभी व्यस्त हैं। समय मिलते ही मैं उनसे अवश्य मुलाकात करूंगा। उक्त अवसर पर डाॅ. दिनेश वशिष्ठ,पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा, दिलीप पचौरी विश्व हिन्दू परिषद, प्रतीक आमौरिया (सीए), सोनी वशिष्ठ भाजपा नेता, डाॅ. कृष्णा मोहन तोमर,करणी सेना के जिलाध्यक्ष, अखिलेश दीक्षित सभासद भाजपा समर्थित, हरेन्द्र मोहन सारस्वत विश्व हिन्दू परिषद जिला उपाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता के बाद अलंकार अग्निहोत्री हाथरस के लिए प्रस्थान कर गये।