रेलवे टिकट चेकिंग अभियान में 634 यात्रियों से 4 लाख 8 हजार जुर्माना

--प्रयागराज जंक्शन एवं छिवकी पर चला सघन टिकट चेकिंग अभियान

रेलवे टिकट चेकिंग अभियान में 634 यात्रियों से 4 लाख 8 हजार जुर्माना

प्रयागराज, 29 जनवरी, । एनसीआर के सहायक वाणिज्य प्रबन्धक कृष्ण कुमार राय के नेतृत्व में प्रयागराज छिवकी एवं जंक्शन पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक (रेड) संतोष कुमार की टिकट चेकिंग टीम ने 634 यात्रियों से 4,08,050 रुपये वसूल किए। इनमें से बिना टिकट यात्रा करने वाले 201 यात्रियों से 1,92,500 रूपये, अनियमित यात्रा करने वाले 433 यात्रियों से 2,15,550 रूपये वसूल किए गए।

यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरूवार को दी। उन्होंने बताया कि प्रयागराज मण्डल अपने सभी यात्रियों को उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से चेकिंग अभियान चलाता रहता है। मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में टिकट रहित और अनियमित यात्रा करने वालो पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों एवं गाड़ियों में सघन चेकिंग अभियान चलाये जा रहे हैं। इस टिकट चेकिंग अभियान में 12 टिकट चेकिंग स्टाफ, 5 रेलवे सुरक्षा बल एवं 5 राजकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।

पीआरओ ने कहा कि यात्रियों से अनुरोध रहता है कि रेलगाड़ी तथा रेल परिसर में गन्दगी न फैलाएं तथा वैध टिकट के साथ यात्रा करें। केवल अधिकृत एवं आईआरसीटीसी द्वारा अनुमोदित वेंडरों से ही खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थ क्रय करें तथा किसी भी अवैध विक्रेता की जानकारी तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम रेलवे अधिकारी को दें।