प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में छात्राओं और खिलाड़ियों ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में छात्राओं और खिलाड़ियों ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में छात्राओं और खिलाड़ियों ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला

वाराणसी, 27 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर लोगों में एक दिन पहले से ही उत्साह छलकने लगा है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान जताने व उनके स्वागत के लिए सोमवार को विकास इंटर काॅलेज परमानंदपुर की छात्राओं और खिलाड़ियों ने नारी शक्ति वंदन बालिका मानव श्रृंखला बनाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन से उत्साहित 1000 से अधिक छात्राओं ने सुबह सात बजे परमानंदपुर से नटनिया दाई मंदिर तक मानव श्रृंखला बनाई। मानव श्रृंखला में भाग लेने वाली छात्राओं ने इस दौरान तिरंगा के साथ प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीरें और पोस्टर लहराती रहीं।

हाथों में तख्तियां और तिरंगा लिए छात्राओं व खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मानव श्रृंखला के बाद सभी प्रतिभागियों ने विकास इंटर काॅलेज से नटनिया दाई मंदिर तक जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को नारी वंदन अधिनियम के लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस कार्यक्रम में हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो और हॉकी की महिला खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी रही। खिलाड़ियों ने एक स्वर में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उनका विश्वास है कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से महिलाओं की स्थिति में ऐतिहासिक बदलाव आएगा और वे निर्णय लेने की प्रक्रिया में मजबूत भागीदारी निभा सकेंगी।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि उनका संस्थान हमेशा से महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि कॉलेज से अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय और 22 राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी देश और शहर का नाम रोशन कर चुकी हैं। यह आयोजन केवल एक समर्थन कार्यक्रम नहीं, बल्कि बदलते भारत की तस्वीर भी पेश करता है, जहां महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर समाज में बराबरी की भागीदारी के लिए आगे आ रही हैं।