भक्ति, संगीत और महायज्ञ का सात दिवसीय संगम तीन फरवरी से

भक्ति, संगीत और महायज्ञ का सात दिवसीय संगम तीन फरवरी से

भक्ति, संगीत और महायज्ञ का सात दिवसीय संगम तीन फरवरी से

कानपुर, 01 फरवरी। श्री साईं सेवा संस्थान के तत्वाधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिकोत्सव के अवसर पर एक विशाल धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन तीन फरवरी, मंगलवार से प्रारंभ होकर 10 फरवरी, मंगलवार को महायज्ञ एवं विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा। यह जानकारी रविवार काे संस्था के सदस्य एवं यज्ञाचार्य कृपा शंकर शुक्ला ने प्रेस को दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिन तीन फरवरी को श्री शनि साईं मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान साईं बाबा की पालकी यात्रा एवं श्री खाटू श्याम बाबा की निशान यात्रा भी निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं मोहल्लों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए धार्मिक वातावरण का निर्माण करेंगे।

आठ फरवरी को संस्थान द्वारा सामूहिक यज्ञोपवित संस्कार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 80 बटुकों को विधि-विधान के साथ यज्ञोपवित की दीक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित दीपक कृष्ण महाराज द्वारा संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालु कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

कार्यक्रम के अंतिम दिन 10 फरवरी को विधिवत महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा। संस्था की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।