दिल्ली विस्फोट के बाद कोलकाता में सुरक्षा कड़ी, सभी वाहनों की जांच के निर्देश
दिल्ली विस्फोट के बाद कोलकाता में सुरक्षा कड़ी, सभी वाहनों की जांच के निर्देश
कोलकाता, 12 नवम्बर । दिल्ली में हुए कार बम धमाके के बाद कोलकाता पुलिस सतर्क हाे गई है। पुलिस आयुक्त मनोज ने बुधवार को शहरभर में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश के तहत कोलकाता के विभिन्न हिस्सों में अतिरिक्त चौकियां लगाकर वाहनों की गहन जांच की जा रही है, जिसमें बीकन लाइट (नीली या लाल बत्ती) लगे वाहन भी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक नाके पर वाहनों के बूट की जांच अनिवार्य की गई है। इसके साथ ही किसी वाहन को लंबे समय तक छोड़े जाने पर उसे तुरंत जांच के दायरे में लाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों से कहा गया है कि शहर और आसपास के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
पुलिस को यह भी हिदायत दी गई है कि यदि किसी इलाके में कोई नया व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में पाया जाए, तो उसकी पूरी जानकारी ली जाए। यदि कोई शक की बात सामने आती है, तो उसे तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उसके घर की भी तलाशी ली जाए।
दिल्ली में सोमवार को हुए कार बम विस्फोट में 8 लोगों की मौत और कई घायल हुए थे। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने शहर के सभी थानों और ट्रैफिक गार्ड्स को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। मंगलवार को पुलिस आयुक्त मनोज ने सभी थाना प्रभारी और ट्रैफिक गार्ड अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक की।
बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर नाका जांच की जाए ताकि कोई भी वाहन पुलिस की नजर से न बच सके। संदिग्ध दिखने वाले वाहनों के बूट और अंदरूनी हिस्सों की पूरी तरह जांच की जाए।
पुलिस आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि बीकन लाइट लगे वाहनों को भी जांच से छूट नहीं दी जाएगी। यदि किसी वाहन में लाल या नीली बत्ती लगी है, तो चालक से यह पूछा जाए कि उसमें कौन यात्रा कर रहा है और कहां जा रहा है। यदि वाहन में कोई वीआईपी नहीं है, तो यह पता लगाया जाए कि उसका उपयोग कौन कर रहा है।
पुलिस को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि पुराने मॉडल की गाड़ी पर नई नंबर प्लेट लगी हो, तो उसे संदेहास्पद माना जाए और उसकी वैधता की जांच की जाए। इसके अलावा, शहर में खड़े परित्यक्त वाहनों की निगरानी भी कड़ी कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि दिल्ली धमाके के बाद कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था को उच्चतम स्तर पर पहुंचा दिया गया है ताकि किसी भी तरह की आतंकी या विध्वंसक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।-------------------