PDA प्रहरी रखेंगे सपा के वोट पर पैनी नज़र: अखिलेश यादव

सपा का पीडीए प्रहरी: वोट की सुरक्षा, अखिलेश यादव का खास एजेंडा

PDA प्रहरी रखेंगे सपा के वोट पर पैनी नज़र: अखिलेश यादव

लखनऊ, 12 नवंबर । विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) प्रहरी बनाने का हमारा मकसद यह था कि एक भी जगह समाजवादी पार्टी (सपा) के वोट कट न पाएं। यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही। वे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश है कि आप कंफ्यूज रहे और आप वोट बनवाने में ही व्यस्त हो जाए और जिन मुद्दों में सरकार असफल है, उन सवालों को वह न कर पाएं। पूरा प्रशासन भाजपा के वोट बनावाने में और वह फ्री होकर बैठे हुए हैं। हमारा वोट न बने और परेशान करने के लिए सरकार में अधिकारी बैठा रखे हैं। इसको देखते हुए समय-समय पर हमें जानकारी देंगे हमारे एसआईआर पीडीए प्रहरी और हम लोग इलेक्शन कमीशन से शिकायत करेंगे। आयोग हमारी मदद और निष्पक्ष कार्यवाही करेगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) बहुत कम्युनल स्पीच देने लगे हैं, क्योंकि वे घबरा जाते हैं कि जनता खिलाफ है।पार्टी के लोग खिलाफ हैं। एमएलए खिलाफ हैं। ऐसा तो नहीं कि कुर्सी हिल जाएगी। उन्हें जब कुर्सी का डर लगता है तो वे कम्युनल स्पीच देने लगते हैं। उन्हें विजन इंडिया, स्टार्टअप से कोई लेना-देना नहीं है।

अखिलेश ने स्वास्थ्य विभाग पर तंज कसा। उन्होंने कि हमारा आपका बुखार पैरासिटामोल से ठीक हो जाता था, सोचिए बीजेपी वाले डोलो खिलवा रहे हैं। हेल्थ सेक्टर बिल्कुल चौपट है। उन्होंने कहा कि ये सरकार यूथ अफेयर्स में जीरो, वूमेन चाइल्ड डेवलपमेंट और स्पोर्ट्स में जीरो है।बेरोजगारी भी बढ़ता चला जा रहा है। ये एसआईआर इसलिए हो रहा है कि नौजवान कहीं अपनी नौकरी न मांगने लगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा रणनीति के तहत ये एक्जिट पोल और नैरेटिव देते हैं। यूपी में एग्जिट पोल में भाजपा हमें पूरी हरा रही थी और फिर क्या हुआ, वे कितनी बुरी तरह हारे।

अखिलेश ने दिल्ली ब्लास्ट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भूटान में दिए बयान को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का भाषण हम लोगों ने सुना जो उन्होंने भूटान में दिया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जो भी दोषी होंगे, कार्रवाई होगी। लेकिन यह इंटेलिजेंस फेल्याेर क्यों हो रहा है, किसकी जिम्मेदारी है? इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविन्द चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।