रोटरी प्लैटिनम : रोटेरियन अजय शर्मा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए नामित

--नैनी जेल में विशाल मेडिकल कैम्प 22 फरवरी को

रोटरी प्लैटिनम : रोटेरियन अजय शर्मा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए नामित

प्रयागराज, 15 फरवरी । रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम द्वारा रविवार काे जीरो रोड स्थित एक होटल में समारोह हुआ। कार्यक्रम में क्लब के कर्मठ सदस्य एवं वर्ष 2026-27 के प्रेसिडेंट इलेक्ट डीजीआरएच रोटेरियन अजय शर्मा को वर्ष 2027-28 हेतु डिस्ट्रिक्ट 3120 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव के लिए नामित किए जाने पर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर उपस्थित सदस्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह चयन केवल एक पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि रोटेरियन अजय शर्मा के वर्षों की निष्ठा, अनुशासन, सेवा भावना, दूरदर्शिता तथा रोटरी मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने, सदस्यों को प्रेरित करने तथा समाज सेवा कार्यों को नई दिशा देने में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली, स्पष्ट दृष्टिकोण, सकारात्मक सोच तथा सभी को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता परिलक्षित होती है।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. प्रतीक पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष मिलन समारोह ने सदस्यों के बीच आत्मीयता, मित्रता और सौहार्द को और मजबूत किया। डॉ. प्रतीक पाण्डेय ने कहा कि अजय शर्मा की प्रतिबद्धता, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक दृष्टि उन्हें इस प्रतिष्ठित दायित्व के लिए पूर्णतः योग्य बनाती है। यह उपलब्धि पूरे प्लैटिनम परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है।

पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन पियूष रंजन अग्रवाल ने कहा कि अजय शर्मा का चयन पूरे प्रयागराज क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में रोटरी सेवा, सद्भाव और मानवीय उत्थान के नए आयाम स्थापित होंगे तथा संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

मीडिया प्रभारी रोटेरियन मनीष गर्ग ने बताया कि यह क्षण क्लब के इतिहास में गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज किया जाएगा। अजय शर्मा का समर्पण, सेवा भावना और नेतृत्व क्लब की पहचान को और सुदृढ़ करेगा तथा समाज सेवा के कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस अवसर पर क्लब द्वारा आयोजित आगामी सेवा गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि 22 फरवरी को नैनी सेंट्रल जेल, प्रयागराज में एक विशाल निःशुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रयागराज के सुप्रसिद्ध चिकित्सक बंदियों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श तथा आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराएंगे।