लखनऊ में रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को बदमाशों ने मारी गोली
लखनऊ में रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को बदमाशों ने मारी गोली
लखनऊ, 31 जनवरी । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को एयरफार्स से रिटायर्ड अधिकारी अवधेश कुमार पाठक (60) को शॉपिंग स्क्वायर-दो में अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने शनिवार काे बताया कि अवधेश कुमार पाठक मूलरूप से संत कबीरनगर जिले के ग्राम हावपुर गड़ारी के रहने वाले हैं। वर्तमान में गोसाईगंज के ग्राम कबीरपुर में निजी आवास में रहकर वे शॉपिंग स्क्वायर–एक, शॉप संख्या–222 में “रसोई बाई मां” नाम से दुकान संचालित करते हैं। उनकी पत्नी की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि बीती रात शुक्रवार को उनके पति दुकान से कुछ सामान अपनी कार में रख रहे थे, तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर फायर कर दिया, जिसमें गोली उनके दाहिनी आंख के ऊपर लगी। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दाे अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए 8 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। वहीं इलाकाई लोगों से पूछताछ भी जा रही है तथा सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच जारी है।