जन्मभूमि का ऋण चुकाना ही सच्ची देशभक्ति : ताजोपुर मॉडल बना पूरे देश के लिए प्रेरणा
जन्मभूमि का ऋण चुकाना ही सच्ची देशभक्ति : ताजोपुर मॉडल बना पूरे देश के लिए प्रेरणा
मऊ, 29 मई। मऊ जिले के ताजोपुर गांव में ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जन्मभूमि का ऋण चुकाना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने ब्रिगेडियर डॉ. पी.एन. सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सेना में 35 वर्षों तक सेवा देने के बाद अपनी मातृभूमि लौटकर गांव के विकास के लिए काम करना राष्ट्र निर्माण का अद्भुत उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” केवल शास्त्रों की पंक्ति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है और ताजोपुर इसका जीवंत प्रमाण बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वर्णमयी लंका भी भगवान राम को अपनी जन्मभूमि अयोध्या से अधिक प्रिय नहीं लगी थी। इसी भावना को आत्मसात करते हुए ब्रिगेडियर डॉ. पी.एन. सिंह ने विदेशों और बड़े संस्थानों में कार्य करने के बाद अपने गांव लौटकर अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, फाॅर्मेसी कॉलेज, आईटीआई और सैनिक पब्लिक स्कूल जैसे संस्थानों की स्थापना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने का बड़ा अभियान है।
सीएम योगी ने कहा कि ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल गांव और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। सैनिक नर्सिंग कॉलेज में एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग जैसी पढ़ाई कराई जा रही है, वहीं फार्मेसी कॉलेज और आईटीआई युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ रहे हैं। सैनिक पब्लिक स्कूल क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संस्थानों ने मऊ को नई पहचान दी है और बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार एवं अवसर उपलब्ध कराए हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “पंच प्रण” का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए हर नागरिक को अपनी विरासत पर गर्व करना होगा, गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलना होगा, “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करना होगा, सैनिकों और सुरक्षा बलों का सम्मान करना होगा तथा अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि देश का सैनिक कठिन परिस्थितियों में सीमा की रक्षा करता है, तभी देशवासी सुरक्षित जीवन जी पाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने ताजोपुर मॉडल को ग्रामीण विकास, स्वावलंबन और राष्ट्र निर्माण की मिसाल बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे सभी प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ी है। इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा, दारा सिंह चौहान, दयाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य और अस्पताल के संस्थापक ब्रिगेडियर डॉ. पी.एन. सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।