प्रयागराज संगम नगरी में सज गया राखी बाजार, भाभियों के लिए लुम्बा राखी भी क्रेज में
प्रयागराज संगम नगरी में सज गया राखी बाजार, भाभियों के लिए लुम्बा राखी भी क्रेज में
प्रयागराज, 31 जुलाई श्रावण मास के अन्तिम दिन सनातन धर्म के महत्वपूर्ण पर्व रक्षाबंधन को लेकर उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में दुकानें सज गई हैं। बाजार में इस बार धर्म और आस्था से जुड़े प्रतीक चिन्हों पर आधारित राखियां का क्रेज देखा जा रहा है। हालांकि बच्चों को लुभाने के लिए कार्टून आधारित राखियां भी आयी हैं। कोलकाता और दिल्ली की बनी हुई राखियां बाजार में छाई हुई हैं। यह जानकारी गुरुवार को सोहबतियाबाग के राखी कारोबारी दिनेश कुमार ने दी।
दुकानदार दिनेश ने बताया कि महिलाओं के लिए लुम्बा राखी भी आयी हैं, जिसे भाभियों को बांधा जाता है। ओम, स्वास्तिक, मोती, गणेश, मोर, शंख, रुद्राक्ष, कच्छप देवता के प्रतीक कछुआ, जय श्री राम, वीरा, बीआरओ के साथ अन्य विभिन्न प्रकार की राखियां इस बार ट्रेंड में हैं।
प्रयागराज के सिविल लाइंस, चौक, जानसेनगंज, सोहबतियाबाग, तेलियरगंज, राजापुर, कटरा, कीडगंज, दारागंज, झूंसी, फाफामऊ, नैनी, सुलेमसराय, मुण्डेरा, सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानें सज गई हैं।
इस बार सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कच्चे धागे से ही सभी राखियां तैयार की गई है। लेकिन प्रतीक चिन्हों में प्लास्टिक और तुलसी की लकड़ी का भी प्रयोग किया गया है। सबसे कम दाम की राखी 15 रुपये से शुरू होकर 150 रूपये की फैंसी डिजाइनर राखियां बाजार और लोगों की मांग पर उपलब्ध हैं।