अमेठी में राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया
अमेठी में राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया
अमेठी, 19 जून। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अमेठी में राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया। जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय गौरीगंज में एक कार्यक्रम आयोजित किया, जहां वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने केक काटकर राहुल गांधी के दीर्घायु होने की कामना की और एक दूसरे को केक खिलाकर खुशी का इजहार किया।
पूरे जनपद में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपने नेता राहुल गांधी का जन्मदिन अलग-अलग तरीकों से मनाया।
स्थानीय मिश्रौली गांव में ईशानी सरोज के नेतृत्व में दलित परिवार की महिलाओं, बच्चों और बेटियों के बीच केक काटा गया। इस अवसर पर ईशानी सरोज ने कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिन पर केक काटने का अवसर मिलना हम लोगों के लिए ऐतिहासिक और अविस्मरणीय पल है, जो जीवन भर याद रहेगा। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने खुशी और उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे गांव में खुशी का माहौल रहा।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) उत्तर प्रदेश पूर्वी के आह्वान पर राहुल गांधी के जन्मदिन को स्वच्छता अभियान के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। एनएसयूआई के कार्यकर्ता जिले के विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में प्रत्येक महीने की 19 तारीख को स्वच्छता अभियान चलाएंगे। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी ने बताया कि अमेठी छात्र संगठन के सभी पदाधिकारी संगठन के निर्देशानुसार अपने नेता राहुल गांधी के जन्मदिन, 19 तारीख को प्रत्येक महीने संबंधित महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान चलाएंगे।
अमेठी संसदीय क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों द्वारा राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रमों में वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और सेवादल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इन कार्यक्रमों में राहुल गांधी के योगदान और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला गया।