नवागत नगर आयुक्त ने संभाला कार्यभार, विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
—दस बजे कार्यालय में उपस्थित होने के दिये निर्देश, कार्य की प्राथमिकता बताई
वाराणसी,30 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के नवागत नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरूवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। इसके बाद उन्होंने नगर निगम मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय में विभागीय अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की और उनके द्वारा किये जा रहे कार्यो की जानकारी भी ली।
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने आगामी 05 नवम्बर को दीपावली पर्व को लेकर अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर विमर्श भी किया। उन्होंने सभी घाटों पर बेहतर साफ सफाई करने, घाटों पर लगे सभी पोलों पर लाइटें ठीक करने और देव दीपावली पर्व तक नोडल अधिकारियों के घाटों पर नियमित भ्रमण का दिशा निर्देश दिया। उन्होंने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही सफाई व्यवस्था की समीक्षा भी की। नगर के माडल वार्डो में हो रहे कार्यो, जन जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी ली। माॅडल वार्डों में प्रभावी रूप से जनजागरूकता का कार्य करने और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य शत-प्रतिशत करने के लिए निर्देशित किया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगम कार्यालय में आने वाले नागरिकों से संयमित एवं विनम्रता के साथ मिले । तथा समयान्तर्गत उनके कार्यो को करायें, जिससे नगर निगम की छवि अच्छी हो। साथ ही नगर आयुक्त ने खाली पदों पर कर्मियों की तैनाती के लिए शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। उसके पश्चात नगर आयुक्त ने मुख्यालय में स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बेतरतीब पत्रावलियों को समेकित कर रखने और कार्यालयों में बेहतर साफ सफाई रखने के निर्देश दिये गये। बैठक एवं निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त सविता यादव, विनोद कुमार गुप्ता, संगम लाल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र, जितेन्द्र कुमार आनंद, समस्त जोनल अधिकारी, मुख्य अभियन्ता आरके सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एस.के. चौधरी, महाप्रबन्धक जलकल अनूप सिंह,सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव भी मौजूद रहे।
—नवागत नगर आयुक्त ने प्रेस वार्ता में गिनाई प्राथमिकताएं
नगर निगम के नवागत नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि शहर की स्वच्छता, सड़क मरम्मत और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। नगर आयुक्त ने बताया कि लिगेसी वेस्ट निस्तारण के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। वाराणसी की फ्लोटिंग पॉपुलेशन को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नव विस्तारित वार्डों में विकास कार्य प्राथमिकता पर होंगे तथा चल रही परियोजनाओं को गति दी जाएगी। साथ ही नए प्रोजेक्ट लाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। पार्किंग व्यवस्था को सुधारने और अवैध पार्किंग पर सख्ती की बात करते हुए उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि घाटों की सफाई और गंगा की पवित्रता को बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा फोन कॉल का जवाब अवश्य दिया जाए।