सफाई कर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सस्पेंशन के बाद था तनावग्रस्त
सफाई कर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सस्पेंशन के बाद था तनावग्रस्त
उरई, 30 अक्टूबर। थाना माधौगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मिझौना गांव में एक सफाई कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना गुरुवार सुबह लगभग तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान अजय उर्फ बबलू (40) पुत्र बब्बन निवासी मिझौना गांव के रूप में हुई है। वह गोपालपुर गांव में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। परिजनों के अनुसार, अजय पिछले पांच महीने से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था, जिसके चलते उसे दो दिन पूर्व सस्पेंड कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि अजय शराब का अधिक सेवन करता था और सस्पेंशन के बाद से मानसिक तनाव में चल रहा था। घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिजनों ने सुबह उसे कमरे में फांसी के फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
घटनास्थल पर पहुंचे सीओ अंबुज सिंह ने माधौगढ़ पुलिस को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के लिए निर्देशित किया तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारम्भ कर दी। सीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।