बच्चों के जीवन में मां का योगदान अतुलनीय : डॉ नीरज अग्रवाल

-माता का स्थान देवताओं से भी बढ़कर माना गया है: डॉ कीर्तिका अग्रवाल

बच्चों के जीवन में मां का योगदान अतुलनीय : डॉ नीरज अग्रवाल

प्रयागराज, 09 मई । सेठ एम.आर जयपुरिया स्कूल, वात्सल्य कैंपस, गौहनिया, प्रयागराज में ‘मदर्स डे’ के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा माताओं के प्रति सम्मान, प्रेम एवं कृतज्ञता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा कि माँ बच्चे की प्रथम गुरु होती है। बच्चों के जीवन में माँ का योगदान अतुलनीय है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कार, सम्मान एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं।

डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि माँ का प्यार निःस्वार्थ होता है। वह अपनी संतान की खुशी के लिए अपने सुखों का त्याग कर देती है। ‘मातृ देवो भव’ के अनुसार, माता का स्थान देवताओं से भी बढ़कर माना गया है। यह दिन बच्चों को अपनी माँ के करीब लाता है। उनके साथ समय बिताने, तोहफे देने या सिर्फ एक प्यारा सा संदेश भेजकर, बच्चे और माँ के बीच का रिश्ता और भी गहरा हो जाता है। माँ वह धागा है जो पूरे परिवार को जोड़ कर रखती है। भगवान हर जगह नहीं हो सकते, इसलिए उन्होंने माँ बनाई।

उप-प्रधानाचार्या जया लक्ष्मी सेठ ने कहा कि मदर्स डे केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मातृत्व के त्याग, प्रेम एवं समर्पण को सम्मान देने का अवसर है। विद्यालय सदैव बच्चों के सर्वागीण विकास हेतु ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं को सुंदर उपहार भेंट किए तथा मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का हृदय जीत लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत एवं कविताओं ने कार्यक्रम को भावनात्मक एवं आनंदमय बना दिया। बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का संचालन हाजरा फातिमा एवं कृष्णा ने किया। सरोज बाला ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में राजेश तिवारी, सबीहा, स्वराज गुप्ता, सचिंत दास, रितु दयाल, अभिषेक, कंचन कौशल, केया शर्मा, विनायक मालवीय, जया सिंह, आकांक्षा, अंकित, हेबा, प्रिया, सोनी, प्रदीप, एस. एन. पांडेय, राजन सहित समस्त विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------