राम की पैड़ी पर गूंजा नशामुक्ति का संदेश, नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक

राम की पैड़ी पर गूंजा नशामुक्ति का संदेश, नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक

राम की पैड़ी पर गूंजा नशामुक्ति का संदेश, नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक

अयोध्या, 01 जून। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर उत्कर्ष ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से राम की पैड़ी, आरती घाट समेत नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों, पोस्टर प्रदर्शन और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अयोध्या जिला कोऑर्डिनेटर कार्तिक कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं और स्थानीय कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान को दर्शाया।

राम की पैड़ी और आरती घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों तथा तीर्थयात्रियों ने कार्यक्रम को गंभीरता से देखा और सराहा। नुक्कड़ नाटक के बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं स्वयंसेवकों ने तंबाकू से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों तथा गर्भवती महिलाओं पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही तंबाकू छोड़ने के लिए उपलब्ध परामर्श सेवाओं, निकोटीन रिप्लेसमेंट विकल्पों एवं स्थानीय सहायता संसाधनों के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। विशेष रूप से युवाओं और परिवारों की सहभागिता उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता पोस्टर, पंपलेट तथा हेल्पलाइन नंबर भी वितरित किए गए, ताकि जरूरतमंद लोग आगे सहायता प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर कार्तिक कुमार ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल एक दिन का अभियान चलाना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए नुक्कड़ नाटक जैसी सांस्कृतिक विधियां अत्यंत प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि उत्कर्ष ग्लोबल फाउंडेशन भविष्य में भी नियमित रूप से जागरूकता अभियान एवं सहायता शिविर आयोजित कर लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।