वाराणसी में ग्रामीण जनता के लिए लगा विशेष एक्सरे स्वास्थ्य शिविर

वाराणसी में ग्रामीण जनता के लिए लगा विशेष एक्सरे स्वास्थ्य शिविर

वाराणसी में ग्रामीण जनता के लिए लगा विशेष एक्सरे स्वास्थ्य शिविर

वाराणसी, 01 जून । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में सोमवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत लोहाराडीह ग्राम पंचायत में ग्रामीण जनता के लिए विशेष एक्स-रे स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सेवापुरी विकास खण्ड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर कपसेठी अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहाराडीह सेवापुरी में विशेष डिजिटल एक्स-रे स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग, पिरामल फाउंडेशन एवं ग्राम प्रधान रमाशंकर यादव के सहयोग से शिविर संपन्न हुआ।

शिविर में ग्रामीणों की डिजिटल चेस्ट एक्स-रे जांच कर संभावित टीबी रोगियों की शीघ्र पहचान के लिए स्क्रीनिंग की गई। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं पूर्ण उपचार के महत्व के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रमाशंकर यादव ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच कराएं तथा टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में सहयोग प्रदान करें।

शिविर के सफल संचालन में आशा कार्यकर्ता साधना सिंह, संगीता सिंह एवं सुषमा सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अतिरिक्त आईसीडीएस विभाग की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री आशा देवी, वंदना यादव एवं इंदु यादव द्वारा समुदाय को जागरूक करने एवं लाभार्थियों को शिविर तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।

सेवापुरी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों एवं ग्रामीण समुदायों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर संभावित मरीजों की समय से पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना अथवा रात में पसीना आने जैसे लक्षण होने पर निःशुल्क जांच अवश्य कराएं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग, पिरामल फाउंडेशन, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

---------------