लैण्ड जिहाद की चपेट में महाराजा नल का नलग्राम किला
लैण्ड जिहाद की चपेट में महाराजा नल का नलग्राम किला
लखनऊ, 01 नवम्बर राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में स्थित महाराजा नल का नलग्राम (नगराम) किले का खण्डहर लैण्ड जिहाद की चपेट में है। किले का संरक्षित क्षेत्रफल 86100 वर्ग मीटर है। इसमें कई आवास व दो मस्जिद बनी हैं।
लखनऊ गजेटियर 1904 में उक्त स्थान को राजा नल के प्राचीन किले के खण्डहर के रूप में उल्लेख किया गया है। साथ ही यह भी उल्लेख है कि उक्त स्थान का प्राचीन नाम नलग्राम था। नलग्राम के राजा नल के किले की मुक्ति के लिए स्थानीय पासी समाज कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन दे चुका है। फिर भी अवैध अतिक्रमण अभी तक नहीं हटा है।
अधिवक्ता सुशील कुमार रावत ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि नगराम स्थित राजा नल के प्राचीन किले के संरक्षित खंडहर/टीले पर अवैध अतिक्रमण के ध्वस्तीकरण का आदेश होने के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा सन् 2019 से अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। इस सम्बंध में सुशील कुमार रावत ने बताया कि खण्डहर पर अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए मई 2025 में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया। उन्होंने उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज को शीघ्र प्रभावी कार्यवाही करने का आदेश दिया था। इसके बाद उप जिलाधिकारी अंकित शुक्ला ने निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पता चला कि किले की 34 बीघा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा है। अभी तक अवैध अतिक्रमण ध्वस्त नहीं हुआ है।
लाखन आर्मी के अध्यक्ष सूरज पासी ने कहा कि महाराजा नल हमारे समाज के गौरव हैं। उन्होंने हिन्दुत्व की रक्षा के लिए मुस्लिम आक्रान्ताओं से संघर्ष किया था। हम सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द राजा नल के किले को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उसका सौन्दर्यीकरण कराया जाय।