अवध प्रांत में मनाई जायेगी लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती

अवध प्रांत में मनाई जायेगी लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती

लखनऊ,03 मई (हि.स.)। सामाजिक समरसता गतिविधि और लोकमाता अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी समारोह समिति की ओर से अवध प्रांत के सभी जिलों में 31 मई को उनकी जयंती मनाई जायेगी। वहीं राजधानी लखनऊ में प्रांत स्तर का एक बड़ा कार्यक्रम होगा। इस संबंध में विश्व संवाद केन्द्र जियामऊ में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी समारोह समिति की शनिवार बैठक संपन्न हुई। बैठक में अहिल्याबाई होलकर के व्यक्तित्व व कृतित्व को समाज के बीच लेकर जाने पर चर्चा हुई।

सामाजिक समरसता गतिविधि के प्रांत प्रमुख राजकिशोर ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि सभी जिलों में समिति बनी हैं। पहले भी कई जिलों में कार्यक्रम हो चुके हैं। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर भी कार्यक्रम करने की योजना बनी है। पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के शौर्य, सेवा, शासन की प्रवीणता तथा दिव्य व्यक्तित्व व कृतित्व के स्मरण के लिए पंच परिवर्तन के विषय को लेकर पांच मई को सरस्वती विद्या मंदिर बहराइच में एक बड़ा कार्यक्रम आयाेजित किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

प्रांत प्रमुख राजकिशोर ने बताया कि अवध प्रांत में अब तक 628 स्थानों पर समिति की ओर से कार्यक्रम हो चुके हैं। समिति की ओर से अहिल्याबाई के नाम से एक पुस्तक भी प्रकाशित की गयी है। 12 स्थानों पर महिलाओं की गोष्ठी की जा चुकी हैं।