भगवान शिव परिवार की मूर्ति स्थापना, शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
भगवान शिव परिवार की मूर्ति स्थापना, शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
फतेहपुर, 15 फरवरी। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को विकास खण्ड बहुआ में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित मंदिर में भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश व कार्तिकेय सहित पूरे शिव परिवार की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मूर्ति स्थापना की गई। इस अवसर पर भगवान शिव की भव्य शोभायात्रा (शिव बारात) धूमधाम से निकाली गई।
भगवान शिव की बारात रथ पर विराजित प्रतिमा के साथ पूरे बहुआ नगर में निकली शोभायात्रा में शिव गणों की वेशभूषा धारण किए कलाकारों ने सभी का मन मोह लिया। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर भक्त झूमते नजर आए।
नगर वासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भोलेनाथ की बारात का भव्य स्वागत किया। जनमानस के सुख-समृद्धि की मंगल कामना भी की गई। मूर्ति स्थापना के पश्चात विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
उत्सव में पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्ता, विधायक विकास गुप्ता, बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ की अध्यक्ष, सुजानपुर प्रधान और गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने शिरकत की।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय दुकानदार और भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भानु, रवि, किशोर, कामता सोनी, सोमप्रकाश, सुमन, दीपक, धर्मेंद्र, नीतू, अतुल द्विवेदी, सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।