भारत की बढ़ती ताकत से ही अमेरिका ने घटाया टैरिफ : मनाेज तिवारी

भारत की बढ़ती ताकत से ही अमेरिका ने घटाया टैरिफ : मनाेज तिवारी

भारत की बढ़ती ताकत से ही अमेरिका ने घटाया टैरिफ : मनाेज तिवारी

मीरजापुर, 03 फ़रवरी । भाजपा सांसद व प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी मृदुल मंगलवार की देर रात मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर पुरानी वीआईपी मार्ग पर नगर विधायक और तीर्थ पुरोहितों ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद वे कुछ देर एक होटल में विश्राम करने के उपरांत गेट नंबर एक वीआईपी मार्ग से गणेश द्वार होते हुए मंदिर परिसर पहुंचे।

सांसद मनोज तिवारी ने मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में विधि-विधान से दर्शन-पूजन और अर्चन किया। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में स्थित अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन करते हुए बाहर आए। दर्शन-पूजन तीर्थ पुरोहित सुमीत पांडेय ने संपन्न कराया।

पत्रकारों से बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की मूल नीति “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” है। यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाए गए रोक के बाद उसकी समीक्षा की जा रही है और जो भी प्रावधान सामाजिक एकता व सौहार्द को प्रभावित करते हैं, उन्हें ठीक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वे पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम कर रहे हैं। धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने, करोड़ों लोगों को इलाज, अनाज और सड़क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली सरकार पर संदेह नहीं किया जा सकता। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

विदेश नीति पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि भारत की बढ़ती ताकत का ही परिणाम है कि अमेरिका ने टैरिफ घटाया है और आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उत्तर प्रदेश में शंकराचार्य और प्रदेश सरकार के बीच विवाद के सवाल पर उन्होंने इसे निराधार बताते हुए कहा कि कुछ लोग गलत प्रचार कर रहे हैं।

इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।