भारतीय संस्कृति में नारी को नारायणी का दर्जा : मंत्री रजनी तिवारी

--मंत्री रजनी तिवारी ने महिलाओं को वितरित की सिलाई मशीन

लखनऊ, 08 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को नारायणी का दर्जा दिया गया है और हर युग में महिलाओं ने असाधारण कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'नारी तू नारायणी' कहकर महिलाओं की शक्ति को सम्मानित किया है। उन्होंने यह बात माल, लखनऊ में सर्वोदय आश्रम, टाटा पावर और उषा इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में कही।

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए सर्वोदय आश्रम द्वारा प्रशिक्षण उपरांत सिलाई मशीन वितरण की सराहना की। कार्यक्रम में प्रशिक्षित 160 महिलाओं को सिलाई मशीनें दी गईं, जिससे 82 गांवों की महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या ने महिलाओं से अपनी शक्ति पहचानने का आह्वान किया और कहा कि राज्य महिला आयोग उनकी सेवा के लिए सदैव तत्पर है।

कार्यक्रम का आयोजन सर्वोदय आश्रम की अध्यक्ष उर्मिला श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर टाटा पावर के सुबोध दीक्षित, उषा इंटरनेशनल की उपाध्यक्ष रूपा टैटे, सहायक भूमि व्यवस्था आयुक्त डॉ. अशोक शुक्ला, एडवोकेट अभय शंकर गौड़, जिला पंचायत सदस्य संतोष देवी, कवियत्री ममता सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।