मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चार तस्कर गिरफ्तार
मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चार तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ, 14 फरवरी । उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने अन्तरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 03.70 कुंतल गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 92.50 लाख रुपये हैं।
लखनऊ एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि 13 फरवरी को सूचना मिली कि कुछ लोग उड़ीसा से अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर लखनऊ आने वाले हैं। इस सूचना पर उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह और उनकी टीम सक्रिय हुई। गोमतीनगर विस्तार से टीम ने दो वाहनों को रोक कर तलाशी ली। इस दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ और इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान बाराबंकी निवासी मयंक जायसवाल, लखनऊ निवासी जीतू श्रीवास्तव उर्फ दद्दा,पारितोष त्रिपाठी और बिहार राज्य के कुलदीप यादव के रूप में हुई है।
पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि हमलोग जीतू श्रीवास्तव के कहने पर उड़ीसा प्रांत के मलखान गिरी से गांजा लाते हैं। लखनऊ पहुंचने पर जीतू और उसके साथी अपनी कार ट्रक के आगे—आगे चलकर पूर्व निर्धारित स्थान पर ले जाते हैं, जहां माल को अनलोड करते हैं। हम लोग बिना बॉडी वाले ट्रेलर का उपयोग करते हैं जिसकी चेचिस के ऊपर बने प्लेटफार्म में गुप्त कैविटी बनी हैं, जिसमें आसानी से पांच से आठ कुंतल गांजा छिपाकर लाते है। ट्रेलर ट्रक में बॉडी न होने से किसी को भी शक नहीं होता हैं। हम लोग एक दूसरे को इंटरनेट कॉल के माध्यम से संपर्क करते हैं। जीतू के कहने पर 20 बार उड़ीसा से गांजा ला चुके हैं।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि जीतू, मयंक रमन पारितोष और जसवंत शर्मा के साथ मिलकर गांजा की तस्करी करता है। यह लोग लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, गोण्डा, बहराइच अन्य जिलों में सप्लाई करते हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।