मुख्यमंत्री योगी ने महाकुम्भ की तैयारियों का लिया जायजा, दिया निर्देश

महाकुम्भ शुरू होने के पूर्व कार्यों को समय से पूरा करने का निर्देश

मुख्यमंत्री योगी ने महाकुम्भ की तैयारियों का लिया जायजा, दिया निर्देश

प्रयागराज, 23 दिसंबर । उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को महाकुम्भ से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने संगमनगरी पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम अरैल स्थित टेंट सिटी का जायजा लिया। इसके उपरान्त दशाश्वमेध घाट पहुंचे, इसके बाद उन्होंने मेला प्राधिकरण कार्यालय में अफसरों संग बैठक की। उन्होंने स्वरूपरानी अस्पताल के न्यू ओपीडी ब्लॉक और बर्न वार्ड का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री योगी का हेलीकॉप्टर डीपीएस ग्राउंड में उतरा। यहां से सीधे वह अरैल घाट पर तैयार हो रहे टेंट सिटी पहुंचे और समय के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने उन्हें तैयारियों के बारे में जानकारी दी। इसके उपरांत मुख्यमंत्री गंगा तट पर स्थित दशाश्वमेध घाट पहुंचे। यहां पर उन्होंने पूरे विधि विधान से महादेव का पूजन कर आरती उतारी। पूजन करने के बाद योगी का काफिला मेला प्राधिकरण कार्यालय पहुंचा। जहां मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक करके महाकुम्भ के तैयारियों की जानकारी ली।

मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने तैयारियों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, एके शर्मा, नंद गोपाल गुप्ता नन्दी के साथ सांसद प्रवीण पटेल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेई, दीपक पटेल, महापौर गणेश केसरवानी आदि उपस्थित रहें। योगी ने अधिकारियों से मेले की तैयारियों के बारे में चर्चा की। प्रोजेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को परियोजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें रिवर फ्रंट, नागवासुकी मंदिर घाट पर हुए कार्यों के साथ, दारागंज, संगम क्षेत्र, अलोपीबाग फ्लाईओवर से लेकर पांटून पुल निर्माण आदि के बारे में जानकारी दी गई।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी ने स्वरूपरानी अस्पताल में न्यू ओपीडी ब्लॉक और बर्न वार्ड का निरीक्षण किया। यहां पर चल रहे अन्य कार्यों की जानकारी ली। स्वरूपरानी हॉस्पिटल में मुख्यमंत्री के आगमन पर एक घंटे से ही ट्रामा सेंटर के बाहर मरीजों को रोक दिया गया था। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद मुख्यमंत्री रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां एनसीआर के महाप्रबंधक उपेन्द्र जोशी ने रेलवे की तैयारियों के बारे में अवगत कराया। यहां से मुख्यमंत्री सूबेदारगंज सेतु का निरीक्षण करने निकले। जहां उन्होंने निरीक्षण के बाद समय से कार्य को पूरा करने का निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिया।