महाशिवरात्रि पर निकली भोले बाबा की बारात, गूंजे ‘बोल-बम’ के जयकार
महाशिवरात्रि पर निकली भोले बाबा की बारात, गूंजे ‘बोल-बम’ के जयकार
बक्सर, 15 फ़रवरी। महाशिवरात्रि पर रविवार को शहर में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। ढोल-ताशों की गूंज, हाथी-घोड़े और दर्जनों ऊंटों की मौजूदगी के बीच निकली इस बारात ने पूरे शहर को शिवमय बना दिया। बारात में देव-दानव, यक्ष-गंधर्व तथा भूत-प्रेत के प्रतीकात्मक स्वरूपों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
बारात को लेकर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। नंदी के साथ रथ पर विराजित भोलेनाथ का पुष्प, माला और दूध से विधिवत अभिषेक किया गया। इसके बाद दोपहर में खलासी मोहल्ला और कोइरपुरवा से दो अलग-अलग आयोजकों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शिव बारात शहर के स्टेशन रोड, नई बाजार, चरित्रवन, माडल थाना, ज्योति चौक और सराय फाटक जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई सोहनीपट्टी स्थित गौरीशंकर मंदिर पहुंची। वहीं दूसरी संस्था की ओर से निकाली गई बारात चरित्रवन स्थित पंचमुखी मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।
बारात में श्रीराम-लक्ष्मण, मां काली, रावण और गरुण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की जीवंत झांकियां शामिल रहीं। सभी आयु वर्ग के महिला-पुरुष इस आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। युवाओं ने डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर जमकर नृत्य किया।
‘बोल-बम’ के जयकारों और अबीर-गुलाल के बीच श्रद्धालु देर शाम मंदिर परिसर पहुंचे। वहां शिव विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।