अटल आवासीय विद्यालय की परीक्षा के लिए आवेदन 15 फरवरी तक

--मण्डलायुक्त ने की बैठक, कक्षा 6 एवं 9 में छात्र-छात्राओं की प्रवेश परीक्षा 08 मार्च को

अटल आवासीय विद्यालय की परीक्षा के लिए आवेदन 15 फरवरी तक

प्रयागराज, 02 फरवरी । मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने सोमवार को गांधी सभागार में अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव में वित्तीय वर्ष 2026-27 में कक्षा-6 व 9 में छात्र-छात्राओं के प्रवेश हेतु होने वाली प्रवेश परीक्षा एवं शिक्षा की गुणवत्ता के सम्बंध में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये।

बैठक में उपश्रमायुक्त ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-6 एवं 9 के छात्र-छात्राओं के प्रवेश हेतु 08 मार्च को परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए फार्म भरने की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रवेश हेतु छात्र-छात्राएं खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं श्रम विभाग कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर सकते है। प्रवेश हेतु ऑनलाइन भी आवेदन किए जा सकते है। अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं कोविड काल में निराश्रित बच्चे, जिनका महिला एवं बाल विकास में पंजीयन हो अथवा मुख्यमंत्री बाल सेवायोजना के अर्न्तगत आते हों, पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए तहसील एवं जिला स्तर पर परीक्षा केन्द्र चयनित किए जाने हैं।

मण्डलायुक्त ने इस सम्बंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रवेश परीक्षा सेंटर के लिए विद्यालयों का चयन किए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। मण्डलायुक्त ने कक्षा-6 एवं कक्षा-9 में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने के लिए कहा है, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकें। मण्डलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय की शिक्षा की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए शिक्षा में और गुणवत्ता के लिए यदि किसी और संसाधन की आवश्यकता हो, तो उसको लिखित रूप से उपलब्ध कराने के लिए प्रधानाचार्य को कहा।

बैठक में अटल आवासीय विद्यालय में गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय के लिए समय-समय पर विषय विशेषज्ञ अध्यापकों की कक्षाएं आयोजित कराने को कहे जाने पर मण्डलायुक्त ने जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि निरंतर रूप से बच्चों की मॉक परीक्षा ली जाये एवं पढ़ाई में कमजोर बच्चों को चिन्हित कर उनकी आवश्यकतानुसार विशेष कक्षाएं आयोजित की जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उपश्रमायुक्त सुमित कुमार सहित समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।