जनजाति गौरव और धरोहर का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी : संजीव गौड़
जनजाति गौरव और धरोहर का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी : संजीव गौड़
मीरजापुर, 02 फ़रवरी । हलिया क्षेत्र के मनिगढ़ा गांव स्थित इनारी टोला में सोमवार को सेवा समर्पण संस्थान, संबद्ध अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम के तत्वावधान में जनजाति सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गौड़ तथा विशिष्ट अतिथि एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जनजाति समाज के कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री संजीव सिंह गौड़ ने कहा कि जनजाति समाज का गौरव, संस्कृति और धरोहर देश की अमूल्य विरासत है, जिसका संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनजाति समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। डबल इंजन की सरकार द्वारा जनजाति समाज के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनजातीय गौरव को संरक्षित करने और समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विशिष्ट अतिथि एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि जनजातियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने अलग से आयोग का गठन किया है, ताकि उनके अधिकारों की रक्षा हो सके और उन्हें न्याय मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व एससी-एसटी आयोग उपाध्यक्ष मनीराम कोल, प्रधान संघ अध्यक्ष शिव बाबू सेठ, मतवार प्रधान लालबहादुर पाल, प्रमोद पांडेय, उमाकांत दुबे, आचार्य बसंत सिंह, समाजसेवी गंगा सागर तिवारी, शिवा अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ अमर बहादुर व प्रभारी थानाध्यक्ष श्यामलाल पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।