अंबिकापुर : दीपावली पर रायपुर से अंबिकापुर पहुंची फ्लाई बिग की फ्लाइट, अब सप्ताह में चार दिन सेवाएं
अंबिकापुर : दीपावली पर रायपुर से अंबिकापुर पहुंची फ्लाई बिग की फ्लाइट, अब सप्ताह में चार दिन सेवाएं
अंबिकापुर, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में बंद पड़ी हवाई सेवाएं एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुकी हैं। दीपावली के शुभ अवसर पर सोमवार को रायपुर से फ्लाई बिग की फ्लाइट ने अंबिकापुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। करीब चार माह पहले खराब मौसम का हवाला देते हुए कंपनी ने उड़ानें रोक दी थीं। अब मौसम में सुधार के साथ कंपनी ने सीमित दिनों के लिए सेवा फिर से शुरू कर दी है।
सरगुजा एयरपोर्ट से उड़ान संचालन का जिम्मा फ्लाई बिग एयरलाइंस के पास है। शुरुआत में कंपनी ने सप्ताह में पांच दिन उड़ानें शुरू की थीं, लेकिन बाद में उन्हें घटाकर तीन दिन कर दिया गया। लगातार रद्द हो रही उड़ानों और अस्थिर शेड्यूल की वजह से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब चार महीने बाद सेवा दोबारा शुरू होने से यात्रियों में थोड़ी राहत जरूर मिली है।
मानसून अवधि के दौरान सरगुजा में लगातार बारिश और घने बादलों के कारण 19 सीटर विमान की लैंडिंग और टेक-ऑफ में दिक्कतें आ रही थीं। इस वजह से कंपनी ने सुरक्षा कारणों से उड़ानें अस्थायी रूप से बंद कर दी थीं। अब मौसम साफ होने के बाद सोमवार को फ्लाई बिग की फ्लाइट रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर पहुंची।
बिलासपुर में खराब मौसम के चलते विमान वहां उतर नहीं सका। एयरलाइन के अनुसार, फिलहाल मौसम सामान्य होने पर ही बिलासपुर रूट पर उड़ान भरी जाएगी। अन्यथा, विमान अंबिकापुर से सीधे रायपुर लौट आएगा।
नया शेड्यूल जारी, सर्दी में हो सकता है बदलाव
पहले जहां फ्लाई बिग सप्ताह में शुक्रवार से रविवार तक सेवाएं दे रही थी, अब उसका संचालन सोमवार से गुरुवार तक तय किया गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, यह शेड्यूल अस्थायी है। 25 अक्टूबर को समर शेड्यूल समाप्त होने के बाद विंटर शेड्यूल जारी होगा, जिसमें दिनों में फेरबदल संभव है।
हालांकि, यात्रियों को इस बार भी निराशा झेलनी पड़ सकती है क्योंकि इस हफ्ते के कुछ दिन फ्लाइट संचालन के लिए तय नहीं किए गए हैं। कंपनी इससे पहले भी तकनीकी कारणों का हवाला देकर कई बार सेवाएं स्थगित कर चुकी है।
रायपुर और बिलासपुर तक सीमित उड़ानें
फिलहाल, फ्लाई बिग की उड़ानें केवल रायपुर और बिलासपुर के लिए ही संचालित की जा रही हैं। अंबिकापुर से रायपुर, अंबिकापुर-बिलासपुर-अंबिकापुर, और रायपुर रिटर्न रूट पर ही विमान उड़ान भर रहा है। एयरलाइन के सूत्रों के मुताबिक, अंबिकापुर-बिलासपुर रूट पर यात्रियों की संख्या बहुत कम होने से यह मार्ग घाटे का साबित हो रहा है।
इधर, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने जानकारी दी कि अंबिकापुर से वाराणसी और प्रयागराज जैसे शहरों तक हवाई कनेक्टिविटी शुरू करने के लिए केंद्र से बातचीत जारी है। उनका कहना है कि सरगुजा क्षेत्र को पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों से जोड़ना प्राथमिकता में है।
उल्लेखनीय है कि, चार माह बाद फिर से शुरू हुई हवाई सेवा ने सरगुजा के यात्रियों को उम्मीद दी है, मगर उड़ानों की अनियमितता अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों की नजरें अब आने वाले विंटर शेड्यूल पर टिकी हैं, जिससे उम्मीद की जा रही है कि नियमित हवाई कनेक्टिविटी बहाल होगी और सरगुजा का आकाश फिर से रौनक से भर उठेगा।