आकाशवाणी ने मैराथन के जरिए मनाया नौ दशकों की यात्रा का जश्न

आकाशवाणी ने मैराथन के जरिए मनाया नौ दशकों की यात्रा का जश्न

आकाशवाणी ने मैराथन के जरिए मनाया नौ दशकों की यात्रा का जश्न

नई दिल्ली, 08 मई । आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में शुक्रवार को यहां आकाशवाणी मुख्यालय से मैराथन का आयोजन किया गया। इसको प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें 500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौरव द्विवेदी ने कहा कि आकाशवाणी का अपना एक समृद्ध इतिहास रहा है और अटूट विश्वास है कि भविष्य में भी इसकी आवाज इसी तरह गूंजती रहेगी।

इसका कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य राष्ट्रीय प्रसारक के साथ एकजुटता दिखाते हुए फिट इंडिया की भावना को बढ़ावा देना था। लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी ये मैराथन आकाशवाणी भवन से शुरू होकर कृषि भवन, रेल भवन तथा आरबीआई भवन से होते हुए वापस आकाशवाणी भवन पर समाप्त हुई।

इस आयोजन में आकाशवाणी के कर्मचारियों के साथ-साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जैसे अर्धसैनिक बलों के जवानों ने भी दौड़ लगाकर फिट इंडिया की भावना को प्रदर्शित किया।

मैराथन में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को ट्रॉफी और पदक से सम्मानित किया गया। इनमें पुरुषों में हेमकिशोर (एसएसबी) प्रथम, आनंद (एसएसबी) द्वितीय और स्टैनजिन जेकमेट (आईटीबीपी) तृतीय स्थान पर रहे जबकि महिलाओं में भूमिका वार्ष्णेय (सीआईएसएफ) प्रथम, कमलेश बाली (सीआईएसएफ) द्वितीय और स्नेहा (एसएसबी) तृतीय स्थान विजेता रहीं।

वहीं, आकाशवाणी के कर्मचारियों में मुरुगन ने प्रथम, सोमपाल ने द्वितीय और रणधीर ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहवर्धन के लिए भागीदारी पदक दिए गए।

इस कार्यक्रम को आयोजित करने का उद्देश्य 1936 में स्थापित ऑल इंडिया रेडियो की अब तक की अपनी यात्रा का जश्न मनाना रहा। इस दौरान आकाशवाणी के आदर्श वाक्य "बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय" के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आने वाले दशकों में भी राष्ट्र की निरंतर सेवा करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर प्रसार भारती के कार्मिक सदस्य राजीव भारद्वाज तथा आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन सहित अन्य अधिकारी गण और प्रतिभागी मौजूद रहे।