यूपी में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली का अलर्ट
यूपी में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली का अलर्ट
लखनऊ, 1 जुलाई । उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने से लगातार अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकतर जिलों में मंगलवार को बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। इस बारिश से किसानों के चेहरे भी खिले हैं।
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि यह बारिश खरीफ की फसल जैसे धान, मक्का और दालों के लिए अमृत के समान है। रूक-रूक कर हो रही बारिश से तापमान कम हुआ है। उन्होंने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई है।
प्रयागराज में आज सुबह एवं दोपहर को मध्यम वर्षा हुई जो देर शाम तक जारी रही। इससे गंगा, यमुना समेत त्रिवेणी संगम में जल स्तर बढ़ा है। हालांकि अभी यहां बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। यहां नदियों के खतरे का निशान 84.734 मीटर है जबकि गंगा का स्तर 76.79 मीटर और यमुना 75.62 मीटर तक पहुंच चुकी है। दोनों ही नदियों में तेजी से जलस्तर को बढ़ता देख फाफामऊ और नैनी में बाढ़ चौकियां अलर्ट मोड में हैं।
कानपुर में भी बारिश बीते 24 घंटे से रूक रूककर हो रही है। हालांकि मंगलवार को सुबह से बारिश नहीं हुई लेकिन मौसम सुहाना रहा। चंद्रशेखर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में आगामी पांच दिनों में हल्के बादल रहने के कारण मध्य तेज हवाओं, गरज़ चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है। वहीं सिंचाई विभाग ने बताया कि चेतावनी बिंदु के नजदीक गंगा का जलस्तर अभी नहीं पहुंचा है। लेकिन गंगा बैराज से 17 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया है।
मुरादाबाद में भी आज बारिश नहीं हुई और तेज धूप निकली। आज जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि एक दिन पूर्व सोमवार को पांच मिमी. बारिश हुई थी। इसी तरह बरेली में आज पूरे दिन धूप व उमस भरी गर्मी है।
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक सिंह के मुताबिक प्रदेश में अगले 24 घंटे में प्रदेश के मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अनेक जगहों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। वहीं यूपी के 35 जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ 65 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने ग्रामीण इलाकों में बारिश के दौरान मवेशी चराने के साथ ही सावधानी बरतने को कहा है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट एवं संभावना जताई है।