कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन सतर्क: वनखंडीनाथ मंदिर पहुंचे एडीजी-एसएसपी, पैदल चलकर परखे इंतजाम, दिए सख्त निर्देश
कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन सतर्क: वनखंडीनाथ मंदिर पहुंचे एडीजी-एसएसपी, पैदल चलकर परखे इंतजाम, दिए सख्त निर्देश
बरेली, 27 जुलाई । श्रावण मास की शुरुआत और कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शनिवार देर शाम को एडीजी बरेली जोन और एसएसपी बरेली ने बारादरी क्षेत्र स्थित प्राचीन वनखंडीनाथ मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
वनखंडीनाथ मंदिर से शुरू हुआ पैदल भ्रमण चक चुंगी तक पहुंचा। इस दौरान एडीजी और एसएसपी ने गौसाई गौटिया तिराहा, अल्वी चौराहा, शाहनूरी, हरीशाह की मजार, कब्रिस्तान तिराहा और मौर्य गली जैसे संवेदनशील इलाकों से पैदल गुजरकर मौके की स्थिति परखी। पूरे रूट की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई।
सभी धर्मों के लोगों से की मुलाकात, सौहार्द की अपील
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने रास्ते में दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत की और उन्हें भाईचारा कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सावन माह की कांवड़ यात्रा और आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की भी लोगों से अपील की गई।
एडीजी ने दिए स्पष्ट निर्देश
• कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो, जहां लाइट नहीं है वहां तुरंत लगाई जाए।
• सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह दुरुस्त और चालू हों, उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
• सभी धर्मों के जिम्मेदार लोगों को वॉलंटियर बनाकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया जाए।
अधिकारियों की रही मजबूत मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, सीओ सिटी सेकंड और थर्ड, बारादरी इंस्पेक्टर समेत तमाम पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अमला और समाजसेवी भी मौजूद रहे।
प्रशासन की यह सक्रियता कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।