कूड़ा डालने को लेकर विवाद बढ़ा, मां–बेटी पर हमला
दोनों गंभीर रूप से घायल, तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
औरैया, 22 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल कोतवाली इलाके मे के दलेल नगर, मुरादगंज में कूड़ा डालने को लेकर हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुँच गया। इस घटना में एक महिला और उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित परिवार ने पुलिस में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता मरजीना बेगम पत्नी मुन्ना ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठी थीं। तभी पड़ोस में रहने वाली हसीना पत्नी खालिक घर का कूड़ा उठाकर उनके घर के सामने गली में फेंकने लगी। जब मरजीना ने इसका विरोध करते हुए मना किया, तो हसीना ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर हसीना के पति खालिक के दोनों बेटे—तालिब और अकरम—भी मौके पर आ गए और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि तीनों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मरजीना पर हमला किया। शोर सुनकर उनकी बेटी अनम बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। तहरीर के अनुसार, मां-बेटी दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई, लेकिन जाते-जाते आरोपियों ने धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हसीना, तालिब और अकरम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली के निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है और दोषियों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी