जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, सुधार कार्य जल्द शुरू करने की मांग
खगीपुर से दिबियापुर–फफूंद मार्ग को जोड़ने वाली सड़क बनी खतरा
औरैया, 22 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के ब्लॉक भाग्यनगर के ग्राम खगीपुर को दिबियापुर–फफूंद मार्ग से जोड़ने वाली संपर्क सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढों और उखड़ी गिट्टी से भरी इस सड़क पर चलना ग्रामीणों के लिए रोज का दुःस्वप्न बन गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है, लेकिन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर इतने अधिक गड्ढे हो चुके हैं कि वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। सड़क में गिट्टी उभर आने से दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं और अक्सर घायल हो जाते हैं। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल होता है। स्कूल जाने वाले छात्रों को भी रोजाना इसी खराब सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे समय और सुरक्षा दोनों की चिंता बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क में गड्ढों और गिट्टी के अलावा कुछ दिखाई नहीं देता। ग्रामीण प्रधान राजेश तिवारी, अनूप कुमार, राजेश सिंह, शिवम, रामू कुमार, विनय कुमार और रवि शुक्ला ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार कार्य नहीं हुआ, तो ग्रामीणों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी भी कर्मचारी या अधिकारी ने फोन उठाना उचित नहीं समझा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभाग की यह लापरवाही उनकी परेशानी को और बढ़ा रही है।