नाइट ड्यूटी पर जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

नाइट ड्यूटी पर जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

औरैया, 22 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल थाना क्षेत्र के चांवरपुर मोड़ के पास 17 नवंबर की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाइट ड्यूटी पर जा रहे युवक की मौत हो गई। घटना रात लगभग 12:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की, जिसके आधार पर अब दुर्घटना में मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार पुत्र महाराज सिंह अपनी मोटरसाइकिल से भदान रेलवे स्टेशन पर नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह चांवरपुर मोड़ पार कर अजीतमल क्षेत्र में आगे बढ़े, तभी पीछे से आ रही एक कार ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही संजीव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना स्थल पर मौजूद धमेन्द्र कुमार पुत्र रामसेवक, अभिषेक कुमार पुत्र अनिरुद्ध कुमार सहित अन्य राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पाते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और संजीव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना के लिए कार चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी।

कोतवाली अजीतमल के प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर दुर्घटना में मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।