दिव्य कला मेले में दिव्यांग जनाें काे ₹1.76 करोड़ का ऋण स्वीकृत : बीएल वर्मा केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री

लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में आज दिव्य कला मेला का उद्घाटन समारोह

दिव्य कला मेले में दिव्यांग जनाें काे ₹1.76 करोड़ का ऋण स्वीकृत : बीएल वर्मा केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री

लखनऊ, 16 नवंबर  । लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में आज से प्रारंभ हुए दिव्य कला मेला के उद्घाटन समारोह में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। आत्मनिर्भरता एवं समावेशी उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ₹1.76 करोड़ के ऋण 216 दिव्यांग लाभार्थियों को स्वीकृत किए गए, जिसकी घोषणा मुख्य अतिथि बी. एल. वर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, भारत सरकार ने की। इस पहल ने न केवल इस वर्ष के दिव्य कला मेले को विशेष पहचान प्रदान की, बल्कि दिव्यांगजन के आर्थिक उत्थान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ किया।

अपने उद्बोधन में बी. एल. वर्मा ने कहा कि दिव्य कला मेला और दिव्य कला शक्ति “दिव्यांगता में निहित क्षमता” का उत्सव हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिव्यांगजन के प्रति गहरा भावनात्मक संबंध है और उनका स्पष्ट विज़न है कि दिव्यांगजन राष्ट्र निर्माण में समान भागीदारी निभाएँ और सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के स्तंभ बनें। उन्होंने जोर दिया कि देशभर में दिव्यांगजन सरकार की अनेक योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं और दिव्य कला मेला एवं रोजगार मेले दिव्यांगजन उद्यमिता, कौशल, कला एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाले प्रभावी मंच सिद्ध हो रहे हैं।



उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने बताया कि यह देशभर में आयोजित 27वां दिव्य कला मेला है। इससे पूर्व 26 आयोजनों में 2,194 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से ₹21 करोड़ से अधिक की आय अर्जित की। उन्होंने आगे बताया कि अब तक ₹17 करोड़ से अधिक के ऋण दिव्यांग उद्यमियों को प्रदान किए जा चुके हैं। लखनऊ के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर राजीव शर्मा, संयुक्त सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने विभाग की समावेशी वातावरण के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि इस मेले में 18 राज्यों के 100 से अधिक दिव्यांग कारीगर भाग ले रहे हैं। मेले के दिव्य कला शक्ति खंड में दिव्यांग कलाकारों की उत्कृष्ट प्रतिभा और सृजनशीलता का प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम में अनिल कुमार, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, NDFDC, ने सभी अतिथियों बी. एल. वर्मा, डॉ. नीरज बोरा, अवनीश अवस्थी, सुभाष चंद शर्मा, राजीव शर्मा और प्रो. हिमांशु शेखर झा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त और विकास निगम के अंतर्गत, दिव्यांगजन के पुनर्वास, आर्थिक सशक्तिकरण, कौशल विकास, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं सहायक उपकरण सहायता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लखनऊ का यह मेला नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा और दिव्यांग उद्यमिता को राष्ट्रीय पहचान दिलाएगा।

मेले की प्रमुख विशेषताएँ:

• 18 राज्यों से 100+ दिव्यांग कारीगरों की भागीदारी

• ALIMCO स्टॉल पर सहायक उपकरण पंजीकरण सुविधा

• बोक्सिया एवं ब्लाइंड क्रिकेट जैसे समावेशी खेलों का प्रदर्शन

• प्रतिदिन सायंकाल दिव्यांग कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ

• 18 नवम्बर 2025 को रोजगार मेला

• 23 नवम्बर 2025 को राष्ट्रीय स्तर का दिव्य कला शक्ति सांस्कृतिक महोत्सव