वाराणसी में सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 पर पश्चिम बंगाल का कब्जा, फाइनल में यूपी को हराया

दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने विजेता टीम को सौंपी ट्रॉफी; महेश साव बने मैन ऑफ द मैच

वाराणसी में सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 पर पश्चिम बंगाल का कब्जा, फाइनल में यूपी को हराया

वाराणसी, 11 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी के सिगरा खेल स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता के अन्तिम दिन पश्चिम बंगाल दिव्यांग क्रिकेट टीम ने फाइनल में जीत कर ट्राफी अपने झोली में डाल ली। समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।

आखिरी लीग मैच ओडिशा एवं विदर्भ के बीच खेला गया। जिसमें विदर्भ दिव्यांग क्रिकेट टीम ने मैच को शानदार ढंग से जीत लिया। विदर्भ के खिलाड़ी आयुष तिवारी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इसके बाद फाइनल मैच उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल दिव्यांग क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। जिसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने का निर्णय किया। उत्तर प्रदेश की टीम 18.5 ओवर में 112 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी। उत्तर प्रदेश की टीम की ओर से ओमवीर ने 42 गेंद खेलकर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से सर्वाधिक 47 रनों का योगदान दिया। पश्चिम बंगाल की ओर से परनव आरव, देवाशीष व मुदस्सर ने गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट लिया। जवाब में खेलते हुए पश्चिम बंगाल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 11.4 ओवर में 2 विकेट होकर मैच जीत लिया। पश्चिम बंगाल की ओर से महेश साव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 56 रनों का शानदार योगदान दिया। उत्तर प्रदेश की ओर से गेंदबाजी करते हुए महताब ने 2 ओवर में 13 रन खर्च करके 2 विकेट लिए। पश्चिम बंगाल के महेश साव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

उत्तर प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ओमवीर को बेस्ट बैट्समैन व मैन ऑफ़ द सीरीज, पश्चिम बंगाल की खिलाड़ी मुदस्सर को बेस्ट बॉलर तथा उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी जेपी सिंह को बेस्ट फील्डर का अवार्ड दिया गया। सभी मैच के मैन ऑफ द मैच घोषित खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता और उपविजेता तथा शामिल अन्य चारों टीमों को नगद धनराशि एवं मेडल प्रदान किया गया। अमूल्य उपाध्याय एवं वरुण ने शानदार कमेंट्री किया।

खेल दिव्यांगजनों को सर्वाधिक अवसर प्रदान करता है: डॉ मनसुख

टूर्नामेंट के समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि खेल दिव्यांगजनों को सर्वाधिक अवसर प्रदान करता है। खेल के माध्यम से दिव्यांगजन न केवल शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त होते हैं बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक रूप से भी उन्हें संबल प्राप्त होता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांगजनों के लिए आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दी।

समारोह में उत्तर प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गिरीश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों को आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी सदैव से दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ योगदान देता रहा है। भाजपा सरकार में यह अपने उन्नत स्थिति में है। इस अवसर पर पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भविष्य में और भी बड़ी प्रतियोगिता काशी में कराई जाएगी जो सामाजिक सहभागिता की मिसाल होगी।

दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि भाजपा सरकार दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए सभी स्तरों पर प्रयासरत है दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए जो भी आवश्यक होगा सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा।

संचालन एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने आभार जताया। समापन समारोह में स्वामी कृपानंद महाराज, अनिल शास्त्री, नवरतन राठी, विमल जैन,मीडिया प्रभारी डॉ मनोज तिवारी, गौतम जायसवाल आदि की भी मौजूदगी रही।