रथयात्रा मेले में नगर निगम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

—तीन दिवसीय रथयात्रा मेला को नगर निगम ने घोषित किया प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र

रथयात्रा मेले में नगर निगम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

वाराणसी, 16 जुलाई । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के ऐतिहासिक तीन दिवसीय रथयात्रा मेले को नगर निगम ने पूरी तरह से प्लास्टिक (पॉलीथिन) मुक्त घोषित किया है। मेले के पहले दिन गुरूवार को स्वच्छता को सर्वोपरि मानते हुए निगम प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जाने का दावा किया गया।

मेले में आए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को सुदृढ़ करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में तीन पालियों (शिफ्टों) में चौबीस घंटे विशेष सफाई कराई जा रही है। सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के साथ ही नगर निगम की विशेष टीम सभी स्थायी और अस्थायी दुकानदारों से निरंतर संपर्क कर रही है। सभी दुकानदारों को अपनी दुकान के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबीन (कूड़ेदान) रखने, प्रतिबंधित प्लास्टिक या पॉलीथिन का इस्तेमाल बिल्कुल न करने और ग्राहकों को केवल कपड़े के थैले देने की सख्त हिदायत दी जा रही है।

नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार, चेतावनी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों का मौके पर चालान कर जुर्माना भी वसूला जा रहा है। जोनल स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में आईसी एक्टिविटी टीम लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों व श्रद्धालुओं को "सिंगल यूज़ प्लास्टिक" का उपयोग न करने के प्रति जागरूक कर रही है। मेला क्षेत्र की दुकानों पर "स्वच्छ काशी, सुंदर काशी" और "थैला अपना साथ लाएं, प्लास्टिक को दूर भगाएं" के संदेश वाले पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं ।