केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा- 2027 में प्रचंड बहुमत से तीसरी बार बनेगी BJP सरकार, बूथ सत्यापन अभियान तेज
प्रयागराज में डिप्टी CM ने कहा- संगठन को मजबूत करने के साथ विकास और कानून-व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए बोले- सत्ता में वापसी की संभावना 2047 तक नहीं।
प्रयागराज, 07 सितंबर । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाना है। इसी लक्ष्य को लेकर पार्टी संगठन इस समय पूरे प्रदेश में बूथ सत्यापन अभियान में जुटा है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ जनता के हित में निरंतर कार्य करना भाजपा की प्राथमिकता है।
प्रयागराज में पत्रकार वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों के सर्वांगीण विकास और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। साथ ही उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और जनपद न्यायालयों से जारी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी सरकार का पूरा फोकस है। श्री मौर्य ने कहा, “हम लोगों का एक ही लक्ष्य रहता है—संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो, भला हो जिसमें देश का, प्रदेश का, वो काम सब किए चलो।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास कोई काम नहीं है, वे बेरोजगार और मुद्दाविहीन हैं। सत्ता के लिए लालायित हैं। उन्होंने दावा किया कि सत्ता के आसपास आने की उनकी अभी 2047 तक कोई संभावना नहीं है। इसी बौखलाहट में वे उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं।
देश की आर्थिक प्रगति को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को “सैफई और राहुल गांधी वाला चश्मा” उतारकर सही नजरिये से देश की प्रगति को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है और देश की ग्रोथ 7-8 प्रतिशत के बीच है। उनके मुताबिक यह प्रगति देश-दुनिया की बड़ी एजेंसियों को भी दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सही कहा है कि कुछ लोगों को अच्छी चीजें दिखाई नहीं देतीं। यदि वे देश और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को सकारात्मक नजरिये से देखने का प्रयास करें तो उन्हें भी दिखाई देगा कि सरकार ने अच्छा काम किया है।-