छात्र ऑनलाइन हाईस्कूल, इण्टर की किताबें मगाएं
यूपी बोर्ड के सचिव की पहल, प्रकाशक आये आगे-आनलाइन पोर्टल, अमेजन वेबसाइट के विक्रय पृष्ठ पर जाकर आनलाइन आर्डर करें
प्रयागराज, 19 मई । उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद्, प्रयागराज (यूपी बोर्ड) शैक्षिक सत्र 2026-27 के हाईस्कूल स्तर (कक्षा-9 एवं 10) की अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान एवं इण्टरमीडिएट स्तर (कक्षा-11 एवं 12) की अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, समाज शास्त्र, अर्थशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, लेखाशास्त्र, मनोविज्ञान, गृहविज्ञान कुल 36 विषयों के अंतर्गत आने वाली 70 एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकें प्रदेश के समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अध्ययन के लिए सस्ते दर पर प्रचलन में लाई गई हैं।
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने मंगलवार को बताया कि इसी प्रकार कक्षा-9 से 12 तक परिषद् द्वारा विकसित हिन्दी, संस्कृत एवं उर्दू विषयों की 12 पाठ्य पुस्तकें भी छात्र-छात्राओं के अध्ययनार्थ सस्ते दर पर प्रचलन में लाई गई हैं। उन्होंने बताया कि परिषद् द्वारा शैक्षिक सत्र के लिए पाठ्य पुस्तकों के मुद्रण एवं वितरण के लिए 3 मुद्रकों को अधिकृत किया गया है जो मेसर्स पायनियर, प्रिंटर्स एण्ड पब्लिशर्स आगरा, मेसर्स पीताम्बरा बुक्स प्राइवेट लिमिटेड बिजौली, झाँसी कक्षा 9 तथा 12वीं एवं 10 और 11वीं की मेसर्स सिंघल एजेन्सीज, लखनऊ उपलब्ध कराएगी।
सचिव भगवती सिंह ने बताया कि उक्त अधिकृत मुद्रकों द्वारा प्रदेश के समस्त जनपदों में थोक-फुटकर विक्रेताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं के लिए पाठ्य पुस्तकें विक्रयार्थ माह फरवरी के प्रारम्भ से उपलब्ध करा दी गयी हैं। इसके अलावा वर्तमान में ऑनलाइन होम डिलेवरी की सुविधा के दृष्टिगत बोर्ड द्वारा निम्नलिखित नवाचार भी किया जा रहा है।
सचिव ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उत्तर प्रदेश द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा, दूरस्थ क्षेत्रों में पाठ्य पुस्तकों की सुगम उपलब्धता तथा घर बैठे पुस्तक प्राप्ति व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बिना किसी अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क के अधिकृत प्रकाशकों के सहयोग एवं अमेजन वेबसाइट के माध्यम से कक्षा-9 एवं 10 के पुस्तक सेट विद्यार्थियों को ऑनलाइन उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था प्रारम्भ की गई है। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उत्तर प्रदेश द्वारा छात्र-छात्राओं को पुस्तक सेट खोजने एवं ऑर्डर प्रक्रिया को सरल एवं सहज बनाने के लिए छात्र-अनुकूल ऑनलाइन पोर्टल (pioneerbooks.in) विकसित किया गया है।
सचिव ने बताया कि पोर्टल पर कक्षानुसार पुस्तक सेट सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध है, विद्यार्थी आवश्यकतानुसार अपनी कक्षा के पुस्तक सेट का चयन कर सीधे सम्बन्धित अमेजन वेबसाइट के विक्रय-पृष्ठ पर जाकर ऑनलाइन ऑर्डर कर पुस्तकें प्राप्त कर सकते हैं।