आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने पर प्रयागराज में सजीव संगीत संध्या का आयोजन

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने पर प्रयागराज में सजीव संगीत संध्या का आयोजन

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने पर प्रयागराज में सजीव संगीत संध्या का आयोजन

प्रयागराज, 19 मई। आकाशवाणी के 90 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी प्रयागराज द्वारा मंगलवार काे उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में सजीव संगीत संध्या का भव्य आयोजन किया गया।

ज्ञात हो कि, स्वतंत्रता से पूर्व 8 जून 1936 को इंडियन स्टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस का नाम बदलकर ऑल इंडिया रेडियो रखा गया था। आज आकाशवाणी अपने 591 केंद्रों, 23 भाषाओं एवं 146 बोलियों के माध्यम से ‘बहुजन हिताय बहुजन सुखाय’ के मंत्र के साथ देश की 98 प्रतिशत आबादी तक पहुंच चुका है।

समारोह में मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एन.सी. त्रिपाठी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा एवं न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह मंचासीन रहे। विशेष अतिथियों में महापौर गणेश केसरवानी, डॉ. राकेश कुमार सिंह निदेशक शंभूनाथ इंस्टीट्यूट, गरिमा श्रीवास्तव मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय एसबीआई, अमित मिश्र मुख्य प्रबंधक एसबीआई कैंट शाखा शामिल रहे।

आकाशवाणी कलाकार मनोज गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ आकाशवाणी प्रयागराज के उपमहानिदेशक अभियांत्रिकी एवं क्लस्टर प्रमुख कमलेश कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके पश्चात शंभूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की खुशी पाण्डेय ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम प्रमुख नेहा गुप्ता ने स्वागत भाषण में आकाशवाणी की ऐतिहासिक यात्रा, उपलब्धियों तथा सांस्कृतिक योगदान पर प्रकाश डाला। डीजी कमलेश कुमार गुप्ता ने सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में आकाशवाणी प्रयागराज के भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम में लोक कलाकार बाबूलाल भंवरा एवं पार्टी ने लोकगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को झुमाया। आकाशवाणी प्रयागराज की एकल कलाकार प्रिया द्विवेदी ने मधुर गीत प्रस्तुत किया। भारतीय वायु सेना के म्यूजिकल बैंड ने भी मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर सहायक निदेशक कार्यक्रम धीरज कुमार, कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र, सुदरम तिवारी, अभय कांत तिवारी, अभिनव प्रज्ञ पाण्डेय, मो. शमीम एवं भूपेंद्र कुमार मिश्र उपस्थित रहे। अभियांत्रिकी प्रमुख जयराम सिंह अपनी टीम सहित एवं प्रशासनिक अधिकारी मो. शब्बीर ने व्यवस्था संभाली। संचालन डॉ. धनंजय चोपड़ा ने किया। कार्यक्रम प्रमुख नेहा गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।