प्रयागराज में सपा ने मनाई जेपी की जयंती, अनिल यादव बोले- लोकतंत्र और जन अधिकारों के लिए विचार आज भी प्रासंगिक

लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, गोष्ठी में संपूर्ण क्रांति आंदोलन और उनके संघर्षों को किया याद

प्रयागराज में सपा ने मनाई जेपी की जयंती, अनिल यादव बोले- लोकतंत्र और जन अधिकारों के लिए विचार आज भी प्रासंगिक

प्रयागराज, 11 अक्टूबर । लोकनायक जयप्रकाश नारायण का संपूर्ण जीवन लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, जन अधिकारों और भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्र भारत में भी सत्ता और व्यवस्था की कमियों के खिलाफ आवाज उठाई। वर्ष 1974 में उनके नेतृत्व में शुरू हुआ संपूर्ण क्रांति आंदोलन देश के राजनीतिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। यह बात रविवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर आयोजित गोष्ठी में कही।

समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन के नेतृत्व में रविवार सुबह 10 बजे मनमोहन पार्क स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद जार्ज टाउन स्थित सपा के जिला कार्यालय में गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें वक्ताओं ने लोकनायक के विचारों, संघर्षों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए उनके प्रयासों को याद किया।

युवाओं को अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा दी

जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने युवाओं को अन्याय, भ्रष्टाचार और तानाशाही प्रवृत्तियों के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज और राजनीति को दिशा देने वाले हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित की रक्षा की जा सकती है।

महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने, संविधान की रक्षा करने, सामाजिक समानता स्थापित करने और जनता के अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए उनके आदर्शों को अपनाना जरूरी है।

विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

गोष्ठी में उपस्थित सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जयप्रकाश नारायण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखना ही लोकनायक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में दिलीप सोनी, आरएन यादव, सचिन श्रीवास्तव, संगम लाल, संजू यादव, नाटे चौधरी, मेजर दिनेश यादव, संतोष यादव, देवीलाल, ओपी पाल, राजेश सोनकर, मोहम्मद यूसुफ, सुरेश श्रीवास्तव और मोहम्मद हसीब सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।