प्रयागराज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सोरांव के एक कमरे से 350 किलो अवैध पटाखे बरामद

दीपावली से पहले पुलिस ने की छापेमारी, करीब 10 लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद; दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

प्रयागराज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सोरांव के एक कमरे से 350 किलो अवैध पटाखे बरामद


प्रयागराज, 04 नवंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना पुलिस ने कस्बा में बुधवार की शाम एक मकान में दबिश देकर 350 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद किया। पुलिस टीम ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर पुष्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सोरांव कस्बे में एक कमरे में पटाखे रखे होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा और करीब 350 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। पूछताछ में पता चला कि होलागढ़ थाना क्षेत्र के दहियांवा गांव निवासी संगमलाल पटवा पुत्र मोतीलाल पटवा और उसके भाई अभय पटवा ने पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया था। इस मामले में सोरांव थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बरामद पटाखों की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई गई है। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दीपावली के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।